सरायकेला: उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर साहिबगंज स्थित वृद्धाश्रम का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने वृद्धजनों के साथ पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया. कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त रीना हसदा और जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सत्या ठाकुर भी उपस्थित रहीं.


निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने वृद्धाश्रम में उपलब्ध आवासीय, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली. उन्होंने वृद्धजनों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों और दैनिक सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की.

गर्मी के मौसम को देखते हुए उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को वृद्धाश्रम में कूलर, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानजनक और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है.
इस अवसर पर उपायुक्त ने वृद्धाश्रम परिसर में वृद्धजनों द्वारा की जा रही फल एवं सब्जी की खेती का भी निरीक्षण किया. उन्होंने आत्मनिर्भरता और सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा देने वाले इस प्रयास की सराहना की. साथ ही जिला कृषि पदाधिकारी को नियमित रूप से केंद्र का भ्रमण कर बीज, तकनीकी सहयोग और आवश्यक कृषि सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.

उपायुक्त ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण को साथ लेकर चलना समय की आवश्यकता है. पौधारोपण जैसे अभियान समाज में संवेदनशीलता, सहभागिता और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं.



