चाईबासा: जिले के सोनुआ प्रखंड अंतर्गत धोलाबनी गांव में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. ग्राम मुंडा जगन्नाथ महली के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया.


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सोनुआ थाना प्रभारी शशिबाला भेंगरा अपनी टीम के साथ शामिल हुईं. इस दौरान ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें पुरुषों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया. ग्रामीणों ने हाथों में तख्तियां लेकर पर्यावरण संरक्षण के नारे लगाए और अधिक से अधिक पौधे लगाने का संदेश दिया.

थाना प्रभारी शशिबाला भेंगरा ने कहा कि स्वच्छ जल, शुद्ध हवा और स्वस्थ जीवन के लिए पर्यावरण संरक्षण बेहद जरूरी है. उन्होंने लोगों से आने वाली पीढ़ियों के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने की अपील की.
वहीं ग्राम मुंडा जगन्नाथ महली ने जल, जंगल और जमीन को आदिवासी समाज की पहचान बताते हुए प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की आवश्यकता पर जोर दिया. उन्होंने बढ़ते प्रदूषण, पेड़ों की कटाई और प्लास्टिक के बढ़ते उपयोग पर चिंता जताते हुए लोगों से प्रकृति बचाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक



