जामताड़ा: जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है. उपायुक्त आलोक कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिला खनन विभाग की टीम ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर चार ट्रैक्टर जब्त किए हैं.


जानकारी के अनुसार, खान निरीक्षक अकलेश कुमार के नेतृत्व में नाला थाना क्षेत्र में औचक जांच अभियान चलाया गया. छापेमारी के दौरान अवैध रूप से बालू का परिवहन कर रहे तीन ट्रैक्टरों को जब्त किया गया. सभी वाहनों को अग्रेतर कानूनी कार्रवाई के लिए नाला थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है.
वहीं बिंदापाथर थाना क्षेत्र में भी जिला प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए स्टोन चिप्स लदे एक ट्रैक्टर को जब्त किया. संबंधित वाहन के खिलाफ नियमानुसार कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
उपायुक्त आलोक कुमार ने कहा कि जिले में अवैध खनन, उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रशासन की कड़ी नजर है. किसी भी क्षेत्र से अवैध गतिविधियों की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि अवैध खनन में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. दोषियों के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. इसके लिए जिला खनन विभाग और सभी थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं.
जिला प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनन कारोबारियों में हड़कंप मच गया है. अधिकारियों का कहना है कि जिले में खनिज संपदा की सुरक्षा और राजस्व क्षति रोकने के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



