बोकारो: सेक्टर-12 मोड़ स्थित कम्पोजिट शराब दुकान में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने महज 6 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है. घटना गुरुवार सुबह सामने आई, जब अज्ञात चोरों ने दुकान के पीछे का चदरा उखाड़कर बड़ी मात्रा में विदेशी शराब और बीयर की चोरी कर ली.


दुकानदार संदीप कुमार की शिकायत पर बीएस सिटी थाना में मामला दर्ज किया गया. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक नगर राजीव रंजन के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया.
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हिमांशु पटेल उर्फ सूटर, राजकुमार उर्फ लोला, नितिश कुमार उर्फ गोलु और नन्दु कुमार के रूप में हुई है. सभी आरोपी बोकारो के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी हैं.
छापेमारी के दौरान पुलिस ने चोरी की गई करीब 3.5 लाख रुपये मूल्य की विदेशी शराब और बीयर बरामद की. इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल किया गया लोहे का कटर भी जब्त किया गया है.
पुलिस के अनुसार बरामद सामानों में 750 बोतल विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब तथा 137 बोतल और केन बीयर शामिल हैं. फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस चोरी में अन्य लोग भी शामिल थे या नहीं.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा



