सरायकेला: भाजपा जिला अध्यक्ष हरेकृष्णा प्रधान की तबीयत अचानक बिगड़ने से राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चिंता का माहौल बन गया. जानकारी के अनुसार वे आदित्यपुर के मधुबन होटल में मौजूद थे, तभी उन्हें सीने में तेज दर्द और बेचैनी महसूस होने लगी. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने भाजपा नेता देवेश महापात्र से संपर्क कर अपनी तबीयत खराब होने की सूचना दी.


सूचना मिलते ही देवेश महापात्र मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल इलाज के लिए गंगोत्री अस्पताल ले जाया गया. वहां चिकित्सकों द्वारा प्रारंभिक जांच के बाद उनकी स्थिति गंभीर पाई गई, जिसके बाद उन्हें बेहतर उपचार के लिए मेडिट्रीना अस्पताल रेफर किया गया.
मेडिट्रीना अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने उनका उपचार शुरू किया. डॉक्टरों के अनुसार हरेकृष्णा प्रधान को हार्ट अटैक आया था. समय पर अस्पताल पहुंचने और त्वरित चिकित्सा मिलने के कारण उनकी जान बच गई. आवश्यक चिकित्सीय प्रक्रिया और ऑपरेशन के बाद उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया, जहां उनकी लगातार निगरानी की जा रही है.
अस्पताल सूत्रों के अनुसार फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर और सामान्य बताई जा रही है. घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों में चिंता बढ़ गई. बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और शुभचिंतक अस्पताल पहुंचकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेते रहे.
भाजपा नेताओं ने कहा कि समय पर इलाज मिलने से एक बड़ी अनहोनी टल गई. पार्टी कार्यकर्ताओं ने हरेकृष्णा प्रधान के शीघ्र स्वस्थ होने और जल्द ही सक्रिय राजनीतिक जीवन में वापसी की कामना की है.
रिपोर्ट: रासबिहारी मंडल



