चाईबासा: गोइलकेरा प्रखंड अंतर्गत आराहासा पंचायत में आराहासा- कुरकुटीहा- बोरोई- सागाजाटा सड़क निर्माण कार्य को पूरा कराने की मांग को लेकर बुधवार को ग्रामीणों की बैठक आयोजित की गई. ग्रामीण मुंडा यदु अंगारिया की अध्यक्षता में हुई बैठक में चार वर्षों से अधूरी पड़ी सड़क के कारण लोगों को हो रही परेशानियों पर गंभीर चर्चा की गई.


ग्रामीणों ने बताया कि यह सड़क पंचायत के कई गांवों को मुख्य सड़क और प्रखंड मुख्यालय से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, लेकिन निर्माण कार्य अधूरा रहने से हजारों लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. सड़क पर बिछी गिट्टियां उखड़ चुकी हैं, जिससे बाइक चलाना तो दूर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है.
बैठक को संबोधित करते हुए मनोहरपुर विधानसभा के पूर्व आजसू प्रत्याशी डॉ. दिनेश चंद्र बोयपाई ने कहा कि सड़क निर्माण शुरू होने पर लोगों को बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद जगी थी, लेकिन वर्षों बाद भी कार्य पूरा नहीं हो सका. इसका खामियाजा आम ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है.

मुखिया जोंकों अंगारिया ने कहा कि यह सड़क क्षेत्र के लोगों के लिए जीवनरेखा के समान है. मरीजों को अस्पताल पहुंचाने, बच्चों को स्कूल जाने और किसानों को अपने उत्पाद बाजार तक ले जाने में गंभीर समस्याएं हो रही हैं. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो ग्रामीण आंदोलन करने को विवश होंगे.
ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने संबंधित विभाग से सड़क निर्माण में हो रही देरी की जांच कर प्राथमिकता के आधार पर कार्य पूरा कराने की मांग की. उनका कहना है कि विकास योजनाओं में अनावश्यक विलंब से जनता का विश्वास प्रभावित होता है और इससे क्षेत्र के विकास पर भी असर पड़ता है.
बैठक में जिला परिषद सदस्य ज्योति मेराल, प्रखंड प्रमुख निरुमणि कोड़ह, वार्ड सदस्य महेश अंगारिया, देवेंद्र अंगारिया, गुलिया अंगारिया, दुबराज अंगारिया, जोहान चेरवा, सिंगरॉय कोड़ाह, मरतोम अंगारिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक



