जमशेदपुर: बुधवार को दक्षिण छोटानागपुर प्रक्षेत्र के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) मनोज कौशिक ने कोल्हान क्षेत्र की कानून- व्यवस्था और पुलिस कार्यों की विस्तृत समीक्षा की. वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में कोल्हान डीआईजी, पूर्वी सिंहभूम के एसएसपी, सरायकेला- खरसावां की एसपी तथा पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) के एसपी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.


बैठक में लंबित कांडों की प्रगति, विशेष जांच दल (SIT) से जुड़े मामलों, SIPU, ICJS और CCTNS की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई. इसके अलावा यातायात व्यवस्था, प्रमुख पर्यटन स्थलों की सुरक्षा, डायल-112 सेवा के संचालन और ITSSO परियोजना की प्रगति पर भी विस्तार से चर्चा हुई.

एडीजी ने सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि कानून- व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग किया जाए तथा जनसुरक्षा से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई की जाए.
समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने तथा पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी, जवाबदेह और जनोन्मुखी बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया गया.



