सरायकेला: टाउन हॉल में बुधवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा जिला समिति द्वारा बीएलए-2 प्रशिक्षण सह कार्यशाला एवं संगठन सुदृढ़ीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मतदाता जागरूकता बढ़ाना तथा बीएलए-2 कार्यकर्ताओं को उनके दायित्वों और जिम्मेदारियों के प्रति प्रशिक्षित करना था.


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए झामुमो के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती निष्पक्ष और त्रुटिरहित मतदाता सूची पर निर्भर करती है. उन्होंने कहा कि बीएलए-2 कार्यकर्ताओं की भूमिका निर्वाचन प्रक्रिया में बेहद महत्वपूर्ण है और उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य को सफल बनाना चाहिए.

उन्होंने कार्यकर्ताओं से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान घर- घर जाकर मतदाताओं को जागरूक करने, पात्र लोगों का नाम मतदाता सूची में जोड़ने तथा त्रुटियों के समयबद्ध सुधार में सहयोग करने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि मतदाता जागरूकता लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है और इसमें राजनीतिक कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है.
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष डॉ. शुभेन्दु महतो ने कहा कि संगठन की वास्तविक ताकत बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं में होती है. उन्होंने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा जनसंपर्क बढ़ाने पर जोर दिया.
कार्यशाला के दौरान बीएलए-2 कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया, विभिन्न प्रपत्रों, नए मतदाताओं के पंजीकरण, संशोधन एवं विलोपन संबंधी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई. साथ ही निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों से भी अवगत कराया गया.

इस अवसर पर झारखंड मुक्ति मोर्चा का संगठनात्मक विस्तार भी देखने को मिला. वरिष्ठ कांग्रेसी नेता केपी सोरेन, संजय कुमार, अभय झा, खरसावां से बीरबल सरदार और सरायकेला से सुनिला सुतार सहित सैकड़ों समर्थकों एवं कार्यकर्ताओं ने झामुमो की सदस्यता ग्रहण की. पार्टी नेताओं ने सभी नवप्रवेशी सदस्यों का स्वागत करते हुए संगठन में सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा जताई.
कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, मतदाता जागरूकता अभियान को जन-जन तक पहुंचाने तथा विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया.
कार्यक्रम में सांसद जोबा माझी, विधायक सविता महतो, विधायक दशरथ गागराई, जिलाध्यक्ष डॉ. शुभेन्दु महतो, जिला सचिव बैद्यनाथ टुडू सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, बीएलए-2 कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में समर्थक उपस्थित थे.



