जामताड़ा: के समाजसेवी एवं नगर पंचायत की गतिविधियों से जुड़े तरुण कुमार गुप्ता ने अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों को उनकी सामाजिक एवं राजनीतिक छवि धूमिल करने की सुनियोजित साजिश बताते हुए मंगलवार को जामताड़ा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने चंद्र मोहन दत्त, पप्पू चौधरी एवं मुकेश कुमार सिंह के खिलाफ झूठे आरोप लगाने, मानहानि, गाली-गलौज, धमकी देने तथा मारपीट करने का आरोप लगाते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की है.


थाना को सौंपे गए आवेदन में तरुण गुप्ता ने कहा है कि कुछ व्यक्तियों द्वारा उनके खिलाफ अवैध वसूली जैसे गंभीर एवं निराधार आरोप लगाए जा रहे हैं, जिनका कोई तथ्यात्मक आधार नहीं है. उनका आरोप है कि यह पूरा प्रयास उनकी वर्षों से बनी सामाजिक एवं राजनीतिक पहचान को नुकसान पहुंचाने तथा जनता के बीच उनकी छवि खराब करने के उद्देश्य से किया जा रहा है.
मीडिया से बातचीत के दौरान तरुण गुप्ता ने बताया कि सोमवार को कुछ लोगों ने उपायुक्त को आवेदन देकर उन पर कथित अवैध वसूली का आरोप लगाया था. उन्होंने कहा कि यदि किसी के पास उनके खिलाफ कोई प्रमाण है तो उसे प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत करना चाहिए. बिना साक्ष्य सार्वजनिक रूप से आरोप लगाना न केवल गैर-जिम्मेदाराना है, बल्कि मानहानि की श्रेणी में भी आता है.
उन्होंने कहा कि गांधी मैदान, रास हटिया एवं गुदली हटिया में राजस्व वसूली की प्रक्रिया नगर पंचायत के पूर्व से लागू निर्णयों एवं प्रशासनिक निर्देशों के अनुरूप संचालित होती रही है. उनके अनुसार, 3 अप्रैल 2024 को आयोजित नगर पंचायत की बैठक में लिए गए निर्णयों के आलोक में यह व्यवस्था लागू है और इसमें किसी एक व्यक्ति की व्यक्तिगत भूमिका नहीं है.
तरुण गुप्ता ने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में होने वाला शुल्क अथवा राजस्व संग्रहण संस्थागत निर्णयों के आधार पर किया जाता है. ऐसे में किसी एक व्यक्ति को निशाना बनाकर आरोप लगाना दुर्भावनापूर्ण प्रतीत होता है. उन्होंने कहा कि यदि किसी को किसी व्यवस्था पर आपत्ति है तो उसे संबंधित विभाग अथवा प्रशासन के समक्ष तथ्यों एवं साक्ष्यों के साथ अपनी बात रखनी चाहिए.
उन्होंने कहा कि जनता ने पिछले वर्षों में नगर क्षेत्र के विभिन्न मुद्दों पर अपना निर्णय दे दिया है और वर्तमान में उनका ध्यान विकास कार्यों तथा जनहित से जुड़े मुद्दों पर केंद्रित है. जनता से किए गए वादों को पूरा करना उनकी प्राथमिकता है तथा नगर पंचायत के माध्यम से विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास लगातार जारी रहेगा.
तरुण गुप्ता ने अपने खिलाफ लगाए गए सभी आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए कहा कि बिना प्रमाण उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास करने वालों के खिलाफ न्यायालय में भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने की मांग की है.
फिलहाल पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है. अब पूरे मामले में जांच के निष्कर्ष का इंतजार किया जा रहा है, जिससे आरोपों और प्रत्यारोपों के बीच वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



