बोकारो: बेरमो के ढोरी 5 नंबर धौड़ा निवासी गर्भवती महिला स्व. अनीता देवी की निर्मम हत्या के मामले ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं. इस जघन्य घटना को लेकर संबंधित जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बोकारो जिला पुलिस अधीक्षक से औपचारिक मुलाकात कर मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की.


मुलाकात के दौरान पुलिस प्रशासन से हत्या कांड में संलिप्त सभी आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी, निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) के गठन तथा पीड़ित परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया. साथ ही यह भी मांग की गई कि मामले की जांच शीघ्र पूरी कर दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी धाराओं के तहत अभियोजन चलाया जाए.
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि एक गर्भवती महिला की इस प्रकार नृशंस हत्या न केवल मानवता को झकझोरने वाली घटना है, बल्कि यह प्रदेश में बढ़ते अपराध और अपराधियों के मन से कानून के भय के कम होने की ओर भी संकेत करती है. उन्होंने कहा कि यदि ऐसे गंभीर मामलों में कार्रवाई में देरी होती है, तो समाज में गलत संदेश जाएगा और लोगों का न्याय व्यवस्था पर विश्वास प्रभावित होगा.
मामले को राज्य की न्यायिक एवं प्रशासनिक जवाबदेही की परीक्षा बताते हुए प्रशासन से पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाने की मांग की गई. साथ ही अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया.
रिपोर्ट :शुभम मिश्रा



