जामताड़ा: जिले के मिहिजाम नगर परिषद क्षेत्र में साइबर ठगी का एक नया मामला सामने आया है. वार्ड संख्या 19 के पार्षद कैलाश पंडित का व्हाट्सएप अकाउंट कथित रूप से हैक कर साइबर अपराधी उनके नाम से लोगों से पैसे मांग रहे हैं.


जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह पार्षद के मोबाइल नंबर से विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुपों और निजी नंबरों पर एक एपीके फाइल तथा गंभीर रूप से घायल उंगली की तस्वीर भेजी गई. इसके साथ आपातकालीन स्थिति का हवाला देते हुए 5 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मांगी जा रही है.
साइबर अपराधियों द्वारा “श्री राम स्टोर” के नाम से एक क्यूआर कोड भी साझा किया जा रहा है, जिसमें राशि जमा करने का अनुरोध किया गया है. ठग लोगों को यह भरोसा भी दिला रहे हैं कि अगले दिन पैसे वापस कर दिए जाएंगे.
पार्षद कैलाश पंडित ने लोगों से अपील की है कि उनके नंबर से आने वाले किसी भी संदिग्ध संदेश, लिंक या पैसे मांगने वाले अनुरोध पर विश्वास न करें. उन्होंने कहा कि किसी भी आर्थिक लेन-देन से पहले संबंधित व्यक्ति से सीधे फोन पर संपर्क कर सत्यता की पुष्टि अवश्य करें.
उन्होंने लोगों को अनजान लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी, बैंकिंग जानकारी और पासवर्ड किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पार्षद ने मिहिजाम थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



