सरायकेला- खरसावां: जिले में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत संचालित “चुप्पी तोड़ो- स्वस्थ रहो” अभियान के तहत किशोरियों और महिलाओं को माहवारी स्वच्छता प्रबंधन (Menstrual Hygiene Management) के प्रति जागरूक करने के लिए व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं. अभियान के तहत जिले के सभी प्रखंडों की पंचायतों, गांवों, विद्यालयों, सामुदायिक स्थलों तथा शहरी क्षेत्रों में विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है.


कार्यक्रमों के दौरान जागरूकता गोष्ठी, समूह चर्चा, संवाद कार्यक्रम, रैली, शपथ ग्रहण और दीवार लेखन जैसे माध्यमों से महिलाओं एवं किशोरियों को माहवारी के दौरान स्वच्छता बनाए रखने, सुरक्षित स्वच्छता सामग्री के उपयोग तथा व्यक्तिगत स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी जा रही है.
अभियान में यह संदेश भी दिया जा रहा है कि माहवारी एक प्राकृतिक और सामान्य जैविक प्रक्रिया है, जिसे लेकर समाज में खुलकर चर्चा होनी चाहिए. साथ ही माहवारी से जुड़े मिथकों, भ्रांतियों और सामाजिक कुरीतियों को दूर करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है.

जिला प्रशासन द्वारा महिलाओं और किशोरियों को माहवारी स्वच्छता के प्रति लापरवाही से होने वाले संक्रमण और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं के बारे में भी जागरूक किया जा रहा है. उन्हें स्वस्थ और स्वच्छ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है ताकि उनका स्वास्थ्य और आत्मविश्वास दोनों मजबूत हो सके.
प्रशासन ने जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, स्वयं सहायता समूहों और समाज के सभी वर्गों से इस अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भागीदारी की अपील की है. प्रशासन का मानना है कि माहवारी स्वच्छता के प्रति जागरूकता महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य, सम्मान और सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय



