चांडिल: सरायकेला- खरसावां जिले में पुलिस प्रशासन द्वारा किए गए प्रशासनिक फेरबदल के तहत चांडिल और नीमडीह थाना को नए थाना प्रभारी मिल गए हैं. जारी आदेश के अनुसार नीमडीह थाना प्रभारी संतन कुमार तिवारी का स्थानांतरण चांडिल थाना में किया गया है, जबकि चांडिल थाना प्रभारी डिल्सन बिरूआ को नीमडीह थाना की कमान सौंपी गई है.


मंगलवार को दोनों अधिकारियों ने अपने- अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देते हुए कार्यभार संभाल लिया. पदभार ग्रहण करने के बाद दोनों अधिकारियों ने क्षेत्र में कानून- व्यवस्था को मजबूत बनाने, अपराध नियंत्रण और जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने को अपनी प्राथमिकता बताया.
डिल्सन बिरूआ अपने कार्यकाल के दौरान चांडिल थाना क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण मामलों के निष्पादन और विधि- व्यवस्था बनाए रखने को लेकर चर्चा में रहे हैं. वहीं संतन कुमार तिवारी ने नीमडीह थाना में रहते हुए अपराध नियंत्रण, जनसुनवाई और पुलिस-जन सहयोग को मजबूत करने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किया है.
पुलिस विभाग का मानना है कि इस प्रशासनिक बदलाव से जिले में पुलिसिंग और अधिक प्रभावी होगी तथा कानून- व्यवस्था को बनाए रखने में मदद मिलेगी. दोनों अधिकारियों ने आम लोगों से पुलिस का सहयोग करने और किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल साझा करने की अपील की है.
स्थानीय लोगों ने भी दोनों अधिकारियों को नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं दी हैं और उम्मीद जताई है कि उनके नेतृत्व में क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और जनहित से जुड़े कार्यों को नई गति मिलेगी.
रिपोर्ट: विकाश ठाकुर



