रांची: झारखंड मंत्रालय में मंगलवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के युवा नेता सन्नी सिंह ने अपने युवा साथियों के साथ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं झारखंड सरकार के राजस्व, भूमि सुधार एवं परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ से शिष्टाचार मुलाकात की. इस दौरान सरायकेला विधानसभा क्षेत्र के युवाओं से जुड़ी विभिन्न ज्वलंत समस्याओं, रोजगार, शिक्षा, खेल और संगठन की आगामी कार्ययोजनाओं को लेकर सार्थक चर्चा हुई.


मुलाकात के दौरान सन्नी सिंह ने क्षेत्र के युवाओं की अपेक्षाओं और विकास से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया. उन्होंने कहा कि युवाओं को सरकार की योजनाओं से जोड़ने तथा उनके लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. साथ ही संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर भी चर्चा की गई.
इस अवसर पर मंत्री दीपक बिरुआ ने युवाओं की बातों को गंभीरता से सुना और क्षेत्र के विकास तथा युवाओं के हितों से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया. वहीं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी युवाओं की सक्रिय भागीदारी को राज्य के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया.
मौके पर रॉबिन हांसदा, निखिल राज, कुंदन सिंह, अजय यादव समेत कई युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे. सभी ने राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया.



