बोकारो: जिला आयोजित युवा राष्ट्रीय जनता दल के जिला स्तरीय युवा संवाद चौपाल यात्रा कार्यक्रम में झारखंड प्रदेश युवा राजद के अध्यक्ष रंजन कुमार ने युवाओं से सामाजिक न्याय, शिक्षा और रोजगार के मुद्दों पर संगठित होकर आगे आने का आह्वान किया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए.


अपने संबोधन में रंजन कुमार ने कहा कि देश और राज्य के विकास में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है. उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवा शिक्षा, रोजगार और सामाजिक न्याय जैसी कई चुनौतियों का सामना कर रहे हैं. ऐसे में युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की रक्षा के लिए सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए.
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल हमेशा युवाओं, छात्रों, किसानों और वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई लड़ता रहा है और आगे भी उनके हितों की रक्षा के लिए संघर्ष करता रहेगा. उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव और समावेशी विकास के लिए युवाओं की भागीदारी जरूरी है.
रंजन कुमार ने युवाओं से संगठन के साथ जुड़कर जनहित और सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष करने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और जागरूकता ही बेहतर समाज और मजबूत लोकतंत्र की आधारशिला है. कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने शिक्षा, रोजगार और सामाजिक न्याय से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपनी बात रखी तथा संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा



