सरायकेला: जिले में पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है. पुलिस अधीक्षक के आदेश पर कई थाना प्रभारी, ओपी प्रभारी और सब इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारियों का तबादला एवं नई पदस्थापना की गई है. इस बदलाव को जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.


जारी आदेश के अनुसार नीमडीह थाना प्रभारी संतन तिवारी को चांडिल थाना प्रभारी बनाया गया है, जबकि चांडिल थाना प्रभारी डिलशन बिरुआ को नीमडीह थाना की जिम्मेदारी सौंपी गई है. चौका थाना प्रभारी सोनू कुमार का तबादला गम्हरिया किया गया है.
ईचागढ़ थाना प्रभारी बजरंग महतो को साइबर थाना भेजा गया है, जबकि बरुण यादव को ईचागढ़ थाना प्रभारी बनाया गया है. खरसावां थाना प्रभारी गौरव कुमार को चौका थाना प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है. वहीं सरायकेला थाना में पदस्थापित राहुल सिंह को खरसावां थाना प्रभारी बनाया गया है.
आरआईटी थाना की कमान अब रविकांत पाराशर को सौंपी गई है. जबकि आरआईटी थाना प्रभारी संजीव कुमार सिंह को खरसावां भेजा गया है. इसी तरह कुचाई थाना प्रभारी नरसिंह मुंडा को कांड्रा भेजा गया है. दलभंगा ओपी प्रभारी रविंद्र मुंडा को कुचाई थाना प्रभारी बनाया गया है. इसके अलावा आदित्यपुर थाना में पदस्थापित सब इंस्पेक्टर सतीश बर्णवाल को दलभंगा ओपी प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है. पुलिस अधीक्षक ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों को अविलंब अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया है.
पुलिस विभाग में हुए इस व्यापक फेरबदल के बाद संबंधित थाना क्षेत्रों में नई कार्यशैली, बेहतर पुलिसिंग और अपराध नियंत्रण को लेकर लोगों की अपेक्षाएं बढ़ गई हैं. माना जा रहा है कि नई जिम्मेदारियों के साथ अधिकारी कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में काम करेंगे.



