जामताड़ा: शहर में सार्वजनिक स्थलों की बंदोबस्ती और कथित अवैध वसूली को लेकर विवाद गहराता जा रहा है. शहर के जागरूक नागरिकों और स्थानीय दुकानदारों ने जिला प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच की मांग की है.


नागरिकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर आरोप लगाया है कि बस स्टैंड, टेंपो-ट्रैकर स्टैंड सहित कई सार्वजनिक स्थलों की बंदोबस्ती नियमों के अनुरूप नहीं की गई है. साथ ही कुछ स्थानों पर दुकानदारों और फुटपाथ व्यवसायियों से कथित तौर पर अवैध वसूली किए जाने का भी आरोप लगाया गया है.
ज्ञापन में कहा गया है कि बकरा-बकरी हटिया, पुराना हटिया, बस स्टैंड क्षेत्र और गांधी मैदान के आसपास छोटे व्यापारियों तथा फुटपाथ दुकानदारों को आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. नागरिकों ने प्रशासन से पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा अवैध वसूली पर रोक लगाने की मांग की है.
शहरवासियों का कहना है कि सार्वजनिक व्यवस्था में पारदर्शिता और नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए. इस मौके पर गौर बाउरी, चांद मोहन दत्ता, पप्पू चौधरी समेत कई स्थानीय नागरिक मौजूद रहे. अब लोगों की नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



