जमशेदपुर: उलीडीह थाना क्षेत्र में हुए विकास सिंह हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज कुटिया और राजू कुंभकार के रूप में हुई है. दोनों उलीडीह क्षेत्र के निवासी हैं.


एसएसपी पीयूष पांडेय ने बताया कि शंकोसाईं रोड नंबर-2 निवासी विकास सिंह की हत्या पुरानी रंजिश के कारण की गई थी. आरोपियों ने विकास को नशा करने के बहाने बुलाया और आदिवासी क्लब के पास ले जाकर चाकू तथा लोहे के रॉड से हमला कर उसकी हत्या कर दी.
पुलिस जांच में सामने आया कि राजू कुंभकार अपने मौसेरे भाई सौरभ शर्मा उर्फ पवन की हत्या का बदला लेना चाहता था. उस मामले में विकास के छोटे भाई का नाम सामने आया था. इसी रंजिश के चलते विकास सिंह को निशाना बनाया गया.
पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया. पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है. घटना में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिए गए हैं. दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.



