जामताड़ा: जिले में साइबर ठगी का एक नया मामला सामने आया है, जहां नारायणपुर थाना क्षेत्र के टोपाटॉड गांव निवासी एक मजदूर के बैंक खाते से 61 हजार रुपये की अवैध निकासी कर ली गई. पीड़ित कमरुल अंसारी ने साइबर थाना में शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है.


जानकारी के अनुसार कमरुल अंसारी मुंबई में एक निर्माण कंपनी में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं. उनका बैंक खाता बैंक ऑफ इंडिया की नारायणपुर शाखा में है. पीड़ित के अनुसार उनके खाते में जमा 61 हजार रुपये फोनपे के माध्यम से अलग-अलग ट्रांजैक्शन कर निकाल लिए गए.
बताया गया कि ठगों ने 5-5 हजार रुपये की राशि 12 बार और अंत में 1 हजार रुपये की अतिरिक्त निकासी कर कुल 61 हजार रुपये उड़ा लिए. हैरानी की बात यह है कि पीड़ित को न तो कोई संदिग्ध फोन कॉल आया और न ही उन्होंने किसी के साथ ओटीपी साझा किया. खाते से रकम 29 और 30 मई की रात करीब 2 बजे निकाली गई.
जब खाते से पैसे कटने की जानकारी मिली तो कमरुल अंसारी ने बैंक से संपर्क किया. बैंक अधिकारियों ने स्टेटमेंट उपलब्ध कराया, जिसमें फोनपे के माध्यम से ट्रांजैक्शन होने की पुष्टि हुई. इसके बाद उन्हें साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई.
पीड़ित का कहना है कि वह स्वयं भी डिजिटल भुगतान के लिए फोनपे का उपयोग करते हैं, लेकिन यह समझ नहीं पा रहे हैं कि साइबर अपराधियों ने उनके खाते तक पहुंच कैसे बनाई. ठगी के बाद उनके खाते में केवल 10 रुपये 27 पैसे शेष बचे हैं.
मामले पर साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो चुकी है और जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस बैंकिंग रिकॉर्ड, फोनपे ट्रांजैक्शन और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है. इस घटना ने एक बार फिर डिजिटल सुरक्षा और साइबर सतर्कता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



