सरायकेला-खरसावां: जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में हुए चर्चित मोहम्मद तौसीफ हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. मामले में शामिल एक आरोपी को पश्चिम बंगाल के दीघा से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. वहीं पुलिस अब मुख्य आरोपी बताए जा रहे सन्नु बच्चा को रिमांड पर लेकर पूछताछ की तैयारी कर रही है.


कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने बताया कि कुछ दिन पूर्व डोबो ईंट भट्टा के समीप एक युवक का शव बरामद हुआ था. मृतक की पहचान परसुडीह थाना क्षेत्र के किताडीह गढ़ीवान पट्टी निवासी 25 वर्षीय मोहम्मद तौसीफ उर्फ राज के रूप में हुई थी. जांच में सामने आया कि उसकी हत्या धारदार हथियार से हमला कर की गई थी.
पुलिस जांच के दौरान जमशेदपुर के धातकीडीह निवासी 30 वर्षीय जमील अहमद अंसारी की संलिप्तता सामने आई. इसके बाद पुलिस ने उसे पश्चिम बंगाल के दीघा से गिरफ्तार किया. पूछताछ में आरोपी ने हत्या में अपनी भूमिका स्वीकार की, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चापड़ भी बरामद कर लिया गया.
पुलिस के अनुसार हत्या आपसी दुश्मनी के कारण की गई थी. पूछताछ में कपाली निवासी सन्नु बच्चा का नाम भी सामने आया है. पुलिस ने बताया कि सन्नु बच्चा के खिलाफ विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह फिलहाल एक अन्य मामले में सरायकेला मंडल कारा में बंद है.
कपाली पुलिस का मानना है कि सन्नु बच्चा से रिमांड पर पूछताछ के दौरान हत्या की साजिश और अन्य आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है. पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल का इस्तेमाल नहीं किया था, जिससे जांच में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा.
गिरफ्तार आरोपी जमील अहमद अंसारी को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. पुलिस मामले की गहन जांच जारी रखते हुए अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक



