चांडिल: ईचागढ़ विधायक सविता महतो ने रविवार को चांडिल प्रखंड क्षेत्र में लगभग 35 लाख रुपये की लागत से निर्मित चार पीसीसी सड़कों का उद्घाटन किया. इस दौरान उन्होंने चांडिल डैम रोड में जिला परिषद मद से बनने वाली पक्की नाली निर्माण योजना का भी शिलान्यास किया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे.


विधायक सविता महतो ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क और आधारभूत सुविधाएं विकास की नींव होती हैं. लंबे समय से ग्रामीणों द्वारा सड़क निर्माण की मांग की जा रही थी, जिसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया गया है. उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से लोगों के आवागमन में काफी सुविधा होगी और ग्रामीण क्षेत्रों का विकास तेजी से आगे बढ़ेगा.

उद्घाटन किए गए कार्यों में आसनबनी पंचायत के तालगोड़ा में पुराना टीसी एनएच-33 मार्ग से तालगोड़ा स्कूल तक 300 फीट पीसीसी सड़क एवं पुलिया निर्माण कार्य शामिल है, जिस पर 13.90 लाख रुपये खर्च किए गए हैं. वहीं तामुलिया के बारी कॉलोनी में भरत महतो के घर से केशव राम के घर तक 550 फीट पीसीसी सड़क का निर्माण 7.85 लाख रुपये की लागत से कराया गया है.
इसके अलावा चिलगु पंचायत के भुईयांडीह टोला में पाथरडीह आरईओ रोड से गोपाल टुडू के घर तक 400 फीट पीसीसी सड़क का निर्माण 5.71 लाख रुपये तथा सिकली में पुराने बंद रेलवे फाटक से आगे 500 फीट पीसीसी सड़क का निर्माण 7.25 लाख रुपये की लागत से कराया गया है.
इस मौके पर जिला परिषद मद से स्वीकृत 5.98 लाख रुपये की लागत से चांडिल डैम रोड में समीर की दुकान से जगदीश सिंह के घर तक बनने वाली पक्की नाली निर्माण योजना का भी शिलान्यास किया गया.
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने विधायक को क्षेत्र में पेयजल समस्या से भी अवगत कराया. इस पर विधायक सविता महतो ने जल्द ही चापाकल निर्माण कराने का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता सड़क, नाली, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार कर ग्रामीण क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है.

विधायक ने कहा कि जनता की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने का कार्य लगातार जारी रहेगा और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे.
इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य पिंकी लायेक, झामुमो केंद्रीय सदस्य ओम प्रकाश लायेक, काबलू महतो, जिला सचिव बैद्यनाथ टुडू, दिलीप महतो, धर्मु गोप, आशीष महतो, मंटू गोराई, दिग्विजय गोराई, मधुसूदन दास समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण और पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे.



