जामताड़ा: प्रखंड के दुलाडीह से चारेडीह आदिवासी टोला तक लगभग दो किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण योजना का रविवार को झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री एवं जामताड़ा विधायक डॉ. इरफान अंसारी ने शिलान्यास किया. सड़क निर्माण कार्य शुरू होने से क्षेत्र के ग्रामीणों में खुशी का माहौल है और वर्षों पुरानी मांग पूरी होने की उम्मीद जगी है.


शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि जामताड़ा के विकास की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है. उन्होंने कहा कि दुलाडीह और चारेडीह शहर से सटे हुए क्षेत्र हैं, लेकिन सड़क सुविधा के अभाव में यहां के लोगों को लंबे समय से कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था. सड़क बनने से ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिलेगी और विकास की रफ्तार तेज होगी.
मंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे. ग्रामीण क्षेत्रों को सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जोड़ने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं. उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले दिनों में जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र में कई अन्य विकास योजनाओं का भी शिलान्यास और उद्घाटन किया जाएगा.
अपने संबोधन में उन्होंने चुनाव प्रचार के दौरान गांव की यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि पहली बार गांव पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने उन्हें क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया था. ग्रामीणों के विश्वास और सहयोग ने उन्हें सड़क निर्माण का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया, जो अब धरातल पर उतर रहा है.
कार्यक्रम में कांग्रेस जिला अध्यक्ष दीपिका बेसरा, कार्यकारी जिला अध्यक्ष विजय दुबे, बीरबल अंसारी, विनोद छतरिया, इरशाद-उल-हक अर्शी, भागीरथ पंडित, मुखिया दिनेश मुर्मू, तनवीर आलम, मुस्तकीम अंसारी, ताहिर अंसारी, मुश्ताक अंसारी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण और कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
ग्रामीणों ने सड़क निर्माण योजना का स्वागत करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार से जुड़ी सुविधाओं तक पहुंच आसान होगी. साथ ही गांवों का संपर्क मुख्य मार्गों से बेहतर तरीके से स्थापित हो सकेगा.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



