चाईबासा: जिले के थाना क्षेत्र के पुराना मनोहरपुर- मनीपुर मार्ग स्थित कलभट पुलिया के समीप रविवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो किशोरों की मौत हो गई. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि अस्पताल परिसर में परिजनों के विलाप से माहौल गमगीन हो गया.


मृतकों की पहचान पुराना मनोहरपुर लोहार टोला निवासी 14 वर्षीय वतन लोहार तथा मनीपुर सांडिल टीला निवासी 18 वर्षीय ओम सांडिल के रूप में हुई है. दोनों मनोहरपुर थाना क्षेत्र के निवासी थे.
जानकारी के अनुसार दोनों किशोर स्कूटी से पुराना मनोहरपुर से मनीपुर की ओर जा रहे थे. इसी दौरान कलभट पुलिया के समीप अचानक स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया और वाहन पुलिया के नीचे जा गिरा. दुर्घटना इतनी भीषण थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए.
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे. दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
दोनों किशोरों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. वहीं गांव और आसपास के क्षेत्रों में भी शोक का माहौल देखा गया. स्थानीय लोगों ने मृतकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की.
घटना की सूचना मिलने पर मनोहरपुर पुलिस अस्पताल पहुंची और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है.
एक ही हादसे में दो किशोरों की असमय मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और दुर्घटना संभावित स्थानों पर आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है.
रिपोर्ट: ज्योतिष महाली



