गम्हरिया: पतंजलि योग समिति की ओर से गम्हरिया स्थित घोड़ा बाबा मंदिर परिसर में आयोजित पांच दिवसीय योग शिविर का रविवार को समापन हो गया. शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर योग और प्राणायाम के महत्व को समझा तथा नियमित अभ्यास का संकल्प लिया.


समापन अवसर पर समिति की राज्य प्रभारी बहन सुधा झा ने योग एवं प्राणायाम के लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवनशैली में बढ़ते तनाव, अनियमित दिनचर्या और विभिन्न बीमारियों से बचाव के लिए योग सबसे प्रभावी माध्यम है. नियमित योगाभ्यास से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है तथा व्यक्ति स्वस्थ और सकारात्मक जीवन जी सकता है.
शिविर के दौरान प्रतिभागियों को अनुलोम-विलोम, कपालभाति, भ्रामरी, मंडूकासन, उद्गीथ प्राणायाम, ध्यान और सूर्य नमस्कार का अभ्यास कराया गया. साथ ही इनके स्वास्थ्य संबंधी लाभों की भी विस्तृत जानकारी दी गई.
बहन सुधा झा ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन को संतुलित और अनुशासित बनाने की एक प्रभावी पद्धति है. इसके नियमित अभ्यास से व्यक्ति अनेक बीमारियों से बच सकता है और मानसिक शांति प्राप्त कर सकता है.
शिविर को सफल बनाने में इंजीनियर विपेंद्र कुमार राय, सबिता बक्शी, विजय चौधरी, सुरेश सिंह, रामकृपात शर्मा, दिनेश चौधरी, प्रमोद सिंह, धनंजय सिंह, श्रीराम कुमार मिश्रा, वीणा बर्नवाल, अनिता झा, भारती झा समेत अन्य सदस्यों और बहनों का महत्वपूर्ण योगदान रहा.
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों से नियमित योग करने और योग के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया गया.



