रामगढ़: पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है. आरोपी के कब्जे से कई मोबाइल फोन और फर्जी सिम कार्ड बरामद किए गए हैं, जिनका उपयोग ऑनलाइन ठगी और अवैध बैंकिंग लेनदेन में किए जाने की बात सामने आई है.

पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में डीएसपी अकरम राजा ने बताया कि साइबर अपराध थाना कांड संख्या 05/26 की जांच के दौरान तकनीकी विश्लेषण और मानवीय सूचना के आधार पर विशेष छापामारी दल का गठन किया गया था. जांच के क्रम में रामगढ़ थाना क्षेत्र के सूर्यनगर रोड नंबर-4 निवासी 27 वर्षीय निशिल कुमार को उसके घर से गिरफ्तार किया गया.
पुलिस द्वारा की गई तलाशी में आरोपी के पास से चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए. इन मोबाइल फोन में उपयोग किए जा रहे चारों सिम कार्ड फर्जी पाए गए. प्रारंभिक पूछताछ में यह जानकारी मिली है कि मोबाइल बैंकिंग, यूपीआई और नेट बैंकिंग के माध्यम से साइबर ठगी की रकम के लेनदेन में इन उपकरणों का इस्तेमाल किया जाता था.
डीएसपी ने बताया कि जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि आरोपी के माध्यम से एक पीड़िता के खाते में करीब 44 लाख रुपये की ठगी की राशि ट्रांसफर कराई गई थी. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस रकम का उपयोग किन-किन खातों और व्यक्तियों के माध्यम से किया गया.
बरामद मोबाइल फोन में रियलमी, रेडमी और सैमसंग कंपनी के स्मार्टफोन शामिल हैं. पुलिस का मानना है कि आरोपी किसी बड़े साइबर ठगी नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है. इसी को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच की जा रही है.
पुलिस ने बताया कि साइबर अपराध से जुड़े इस नेटवर्क में शामिल अन्य संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान जारी है. साथ ही डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है, ताकि पूरे गिरोह का खुलासा किया जा सके.
रामगढ़ पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक और ऑनलाइन लेनदेन के दौरान सतर्क रहें तथा किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी की जानकारी तत्काल साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी पुलिस स्टेशन को दें.



