जमशेदपुर:झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोल्हान प्रमंडल प्रवक्ता जम्मी भास्कर ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि किसी भी वैध मतदाता को उसके संवैधानिक मतदान अधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए.

उन्होंने कहा कि झारखंड में बड़ी संख्या में आदिवासी, दलित, पिछड़े वर्ग, अल्पसंख्यक, प्रवासी मजदूर, महिलाएं, बुजुर्ग एवं आर्थिक रूप से कमजोर लोग निवास करते हैं. कई बार इनके पास पुराने दस्तावेज उपलब्ध नहीं होते हैं. ऐसे में केवल दस्तावेजी कारणों से मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाना लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत होगा.
जम्मी भास्कर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को आशंका है कि मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया का दुरुपयोग कर कुछ वर्गों के मतदाताओं को अनावश्यक रूप से परेशान किया जा सकता है. इसलिए कांग्रेस पार्टी बूथ स्तर से लेकर राज्य स्तर तक पूरी प्रक्रिया पर नजर रखेगी.
उन्होंने सभी बूथ लेवल एजेंटों (BLA) से सतर्क रहने तथा किसी भी वैध मतदाता का नाम मतदाता सूची से न कटने देने की अपील की. उन्होंने कहा कि झारखंड कांग्रेस प्रभारी राजू, सह-प्रभारी सुरीविला प्रसाद एवं प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है.
जम्मी भास्कर ने कहा कि यदि किसी भी स्तर पर पक्षपात, भेदभाव या वैध मतदाताओं के नाम हटाने का प्रयास किया गया तो कांग्रेस पार्टी उसका लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेगी. साथ ही उन्होंने निर्वाचन आयोग से मांग की कि SIR प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और जनहितकारी हो तथा किसी भी पात्र मतदाता को उसके मतदान अधिकार से वंचित न किया जाए.
रिपोर्ट:अफरोज मलिक



