जामताड़ा: सोशल मीडिया के माध्यम से शुरू हुई दोस्ती एक नाबालिग किशोरी के लिए मुसीबत बन गई. मिहिजाम थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घर से लापता 16 वर्षीय किशोरी को धनबाद से सकुशल बरामद कर लिया है. मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

जानकारी के अनुसार मिहिजाम थाना क्षेत्र के बोदमा गांव की रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी अचानक घर से लापता हो गई थी. बेटी के गायब होने से चिंतित परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका. इसके बाद किशोरी के पिता ने मिहिजाम थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई. कांड संख्या 23/26 दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की.

थाना प्रभारी मिहिजाम
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि धनबाद के कालू बाथान निवासी 19 वर्षीय गणेश गोराय ने सोशल मीडिया के जरिए किशोरी से संपर्क स्थापित किया था. समय के साथ दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और आरोपी ने किशोरी को अपने प्रभाव में लेकर घर छोड़ने के लिए प्रेरित किया. इसके बाद किशोरी धनबाद पहुंच गई थी.
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर लगातार छापेमारी अभियान चलाया. पुलिस के प्रयासों का परिणाम यह रहा कि धनबाद से किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया गया. साथ ही आरोपी गणेश गोराय को भी गिरफ्तार कर लिया गया.
मिहिजाम थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने युवाओं और अभिभावकों को सोशल मीडिया के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती कई बार गंभीर परिणाम पैदा कर सकती है. ऐसे मामलों में पुलिस पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई करती है और कानून का उल्लंघन करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से एक नाबालिग किशोरी को सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुंचाया जा सका और आरोपी को कानून के दायरे में लाया गया. क्षेत्र के लोगों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की है. पुलिस ने अभिभावकों से बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखने और किसी भी संदिग्ध स्थिति की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



