जामताड़ा : झारखंड राज्य कबड्डी एसोसिएशन, रांची के निर्देशानुसार शुक्रवार को जामताड़ा कबड्डी एसोसिएशन के गठन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक का संचालन दीपक दुबे ने किया. इस अवसर पर झारखंड राज्य कबड्डी एसोसिएशन के अध्यक्ष तपन कुमार राउत पर्यवेक्षक के रूप में उपस्थित रहे.

बैठक के दौरान सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया. राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित सेवानिवृत्त शिक्षक सुनील कुमार बास्की को मुख्य संरक्षक चुना गया. वहीं जीतू सिंह को जिला अध्यक्ष तथा राहुल सिंह को महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई.
इसके अलावा उपाध्यक्ष पद पर उत्तम पांडेय एवं सुधीर सोरेन का चयन किया गया. संयुक्त सचिव के रूप में संतोष कुमार, अजय पांडेय, कृष्ण कमल दास, अभिषेक तिवारी और कुंदन राय को जिम्मेदारी दी गई. वहीं सुकुमार मंडल को कोषाध्यक्ष बनाया गया.
सदस्य के रूप में बिक्रम मंडल, गौरांग सिंह, अमन चौधरी, अंशु सिंह, राहुल यादव एवं क्रिश सरकार को शामिल किया गया.
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने नवगठित टीम को बधाई देते हुए जिले में कबड्डी खेल को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई. इस अवसर पर नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष जीतू सिंह ने कहा कि एसोसिएशन ने जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उसका वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निर्वहन करेंगे.
उन्होंने कहा कि जामताड़ा जिले के युवाओं में खेल प्रतिभा की कोई कमी नहीं है. जरूरत सिर्फ उन्हें सही मंच और अवसर देने की है. आने वाले समय में जिले में कबड्डी प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया जाएगा तथा ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों को आगे लाने का प्रयास किया जाएगा. साथ ही खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराकर उन्हें राज्य स्तर तक पहुंचाने की दिशा में हर संभव पहल की जाएगी.
मौके पर भास्कर चांद, सूरज कुमार पासवान, सौगत माहता सहित अन्य लोग उपस्थित थे.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



