जामताड़ा: जिले में अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है. इसी क्रम में जामताड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत दक्षिण बहाल के समीप ग्वालपिपला इलाके में अवैध बालू परिवहन कर रहे एक ट्रैक्टर को माइनिंग विभाग की टीम ने जब्त किया है. यह कार्रवाई माइनिंग इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार के नेतृत्व में की गई.

जानकारी के अनुसार उक्त ट्रैक्टर अजय नदी से अवैध रूप से बालू लोड कर परिवहन कर रहा था. गुप्त सूचना मिलने के बाद माइनिंग विभाग की टीम ने छापेमारी करते हुए ट्रैक्टर को पकड़ा. जांच के दौरान चालक बालू परिवहन से संबंधित कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका.
इसके बाद माइनिंग विभाग ने कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर पर लदे अवैध बालू को मौके पर ही गिरा दिया. वहीं जब्त ट्रैक्टर को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए जामताड़ा थाना को सुपुर्द कर दिया गया है.
माइनिंग इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार ने कहा कि जिले में अवैध खनन और बालू परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अवैध बालू कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है. वहीं स्थानीय लोगों ने भी अवैध खनन पर लगातार कार्रवाई किए जाने की मांग की है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



