जामताड़ा: महिला थाना में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब थाना परिसर में रखी गयी एक महिला अचानक लापता पायी गयी. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया और महिला की तलाश में शहर से लेकर रेलवे स्टेशन तथा आसपास के इलाकों में सघन खोजबीन शुरू कर दी गयी.

जानकारी के अनुसार, रायगढ़ निवासी उषा यादव नामक महिला बीते दिनों भटकते हुए करमाटांड़ पहुंच गयी थी. स्थानीय लोगों की सूचना पर जामताड़ा महिला पुलिस ने महिला को अपने संरक्षण में लेकर बुधवार को महिला थाना लाया था. पुलिस द्वारा महिला से पूछताछ कर उसके परिजनों की जानकारी ली गयी तथा परिजनों को फोन कर इसकी सूचना भी दे दी गयी थी. पुलिस महिला के परिजनों के आने का इंतजार कर रही थी.
इसी बीच शुक्रवार सुबह जब महिला पुलिसकर्मी थाना पहुंचीं, तो महिला वहां नहीं मिली. इसके बाद तत्काल इसकी सूचना महिला थाना प्रभारी सीमा कुमारी को दी गयी. मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी ने वरीय अधिकारियों को अवगत कराया. सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया.
महिला की तलाश में जामताड़ा थाना क्षेत्र, रेलवे स्टेशन तथा आसपास के स्टेशनों को अलर्ट कर दिया गया. जामताड़ा थाना के सब इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह और एएसआई राकेश कुमार रेलवे स्टेशन व शहर के विभिन्न इलाकों में महिला की तलाश करते नजर आये. वहीं महिला थाना प्रभारी सीमा कुमारी पुलिस बल के साथ वाहन से आसनसोल की ओर रवाना हुईं. बताया जाता है कि महिला ने पूर्व में पुलिसकर्मियों से आसनसोल जाने के संबंध में पूछताछ की थी.
समाचार लिखे जाने तक महिला का कोई सुराग नहीं मिल पाया था. पुलिस विभिन्न संभावित स्थानों पर उसकी तलाश में जुटी हुई है. महिला थाना से महिला के लापता होने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी व्यवस्था पर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



