बोकारो : झारखंड के बोकारो जिले के तंत्री इलाके में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब ग्रामीणों ने पांच ओवरलोड हाइवा गाड़ियों को बीच सड़क पर रोक दिया. भारी मात्रा में सामग्री लादकर तेज रफ्तार से गुजर रही इन गाड़ियों को देखकर गांव के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और देखते ही देखते सड़क पर भारी भीड़ जमा हो गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पांचों हाइवा वाहन क्षमता से अधिक लोड लेकर चल रहे थे. ग्रामीणों का आरोप है कि इलाके से लगातार ओवरलोड वाहन गुजर रहे हैं, जिससे गांव की सड़कें बर्बाद हो रही हैं और आम लोगों की जान खतरे में पड़ रही है. लोगों का कहना है कि कई बार प्रशासन से शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिसके कारण ग्रामीणों को खुद सड़क पर उतरना पड़ा.
ग्रामीणों ने पांचों हाइवा गाड़ियों को रोककर चालकों से पूछताछ शुरू कर दी. इस दौरान काफी देर तक सड़क पर हंगामे जैसी स्थिति बनी रही. मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो और तस्वीरें अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
जानकारी के मुताबिक एक हाइवा में करीब 27.930 मीट्रिक टन सामग्री लोड थी . ग्रामीणों का कहना है कि क्षमता से अधिक वजन लेकर चलने वाले ऐसे वाहन न सिर्फ सड़क को नुकसान पहुंचा रहे हैं, बल्कि कभी भी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं. तेज रफ्तार और भारी लोड के कारण गांव के लोग लगातार भय के साये में जी रहे हैं.

गांव वालों ने प्रशासन से मांग की है कि ओवरलोड हाइवा वाहनों की नियमित जांच कर सख्त कार्रवाई की जाए. साथ ही गांव की सड़कों से गुजरने वाले भारी वाहनों पर नियंत्रण लगाने की भी मांग उठाई गई है. ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा.
फिलहाल यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है और वायरल वीडियो के बाद प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं.
रिपोर्ट : शुभम मिश्रा



