जामताड़ा: राजवाड़ी इंडोर स्टेडियम में जामताड़ा जिला इंडोर गेम एंड स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित 10 दिवसीय समर कैंप सह जिला स्तरीय प्रतियोगिता का भव्य समापन हुआ. समापन समारोह में मुख्य अतिथि अनुमंडल पदाधिकारी जामताड़ा अनंत कुमार एवं विशिष्ट अतिथि डी.एन. अकादमी स्कूल के निदेशक प्रदीप कुमार भैया ने संयुक्त रूप से खिलाड़ियों को सम्मानित किया.

समारोह के दौरान विभिन्न खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान खिलाड़ियों, पदक विजेताओं एवं प्रशिक्षकों को मेडल, उपहार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में खिलाड़ियों और अभिभावकों के बीच उत्साह का माहौल देखने को मिला.

मुख्य अतिथि अनंत कुमार ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार के ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर खिलाड़ियों की छिपी प्रतिभा को निखारने में अहम भूमिका निभाते हैं. उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन खिलाड़ियों को जिला, राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं. उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि जामताड़ा में खेल और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने में संस्था का योगदान सराहनीय है.
जामताड़ा जिला इंडोर गेम एंड स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक दुबे ने बताया कि आठ दिवसीय प्रशिक्षण शिविर एवं दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रतियोगिता में कुल 174 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया. शिविर में ताइक्वांडो, बैडमिंटन, कैरम, गतका, योग, टेबल टेनिस, चेस, आर्म रेसलिंग, एयरगन राइफल शूटिंग एवं चित्रांकन प्रतियोगिता सहित कुल 9 खेल विधाओं में प्रशिक्षण दिया गया.
उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य जामताड़ा के खिलाड़ियों को बेहतर मंच और उच्चस्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराकर उन्हें राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है.
कार्यक्रम के सफल आयोजन में राहुल सिंह, भास्कर चांद, प्रणय सिंह, बजरंग प्रियदर्शनी, विनय सिंह, सूरज कुमार पासवान, सौगत माहता, सौरभ झा, सोमनाथ दत्ता एवं मौसम कुमारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



