जामताड़ा: शहर के दुमका रोड स्थित रामजसराय गोपीराम इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. पेट्रोल पंप में प्रवेश कर रहे एक डंपर की चपेट में आने से स्कूटी सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया और लोगों ने दुमका रोड मुख्य मार्ग को जाम कर दिया.

प्राप्त जानकारी के अनुसार तीलाबाद निवासी पपाय नामक युवक की हादसे में घटनास्थल पर ही मौत हो गई. जबकि स्कूटी पर सवार दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. मौके पर मौजूद टाइगर मोबाइल के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया. जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया. गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया है.

बताया जा रहा है कि रेलवे साइडिंग से कोयला खाली कर एक डंपर पेट्रोल भराने के लिए पेट्रोल पंप में प्रवेश कर रहा था. इसी दौरान पीछे से आ रही स्कूटी पर सवार तीन युवक भी पेट्रोल पंप की ओर मुड़े. लेकिन संतुलन बिगड़ने से स्कूटी सीधे डंपर के नीचे जा घुसी. हादसा इतना भयावह था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

हादसे की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया. बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए और दुमका रोड को जाम कर दिया. देखते ही देखते सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई. सूचना मिलते ही जामताड़ा थाना की पुलिस भारी संख्या में मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई.
पुलिस मामले की जांच कर रही है. वहीं हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



