खूंटी: जिले में बकरीद का त्योहार अमन, भाईचारे और सौहार्द के माहौल में मनाया जा रहा है. जिले की विभिन्न मस्जिदों में लोगों ने बड़ी संख्या में नमाज अदा कर मुल्क और समाज में शांति, तरक्की और खुशहाली की दुआ मांगी.

खास बात यह रही कि खूंटी के उपायुक्त जावेद हुसैन भी बड़ी मस्जिद पहुंचे और नमाज अदा कर लोगों को बकरीद की मुबारकबाद दी. नमाज के बाद लोगों ने एक- दूसरे से गले मिलकर ईद की खुशियां साझा कीं.
वहीं त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया. सबसे ज्यादा चर्चा खूंटी एसपी ऋषभ गर्ग की मौजूदगी को लेकर रही. एसपी खुद मस्जिद के पास मुख्य सड़क पर पुलिस जवानों और अधिकारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था संभालते नजर आए. जिले में पहली बार बकरीद के मौके पर एसपी का इस तरह खुद ग्राउंड पर उतरकर सुरक्षा की कमान संभालना लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा.
इतना ही नहीं, एसपी ऋषभ गर्ग ने बच्चों और लोगों के बीच चॉकलेट और टॉफियां बांटकर आपसी भाईचारे, प्रेम और सामाजिक सौहार्द का संदेश भी दिया. इस पहल की लोगों ने सराहना की और पुलिस प्रशासन के प्रति भरोसा जताया.
जानकारी के मुताबिक खूंटी जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों की करीब 25 मस्जिदों में नमाज अदा की गई. सभी मस्जिदों और संवेदनशील इलाकों के आसपास भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना या शांति भंग करने की कोशिश को रोका जा सके.
एसपी ऋषभ गर्ग ने कहा कि बकरीद का पर्व शांतिपूर्ण तरीके से मनाया जाए और लोग आपसी प्रेम और भाईचारे के साथ खुशियां बांटें, इसी उद्देश्य से पूरे जिले में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. फिलहाल खूंटी में बकरीद का त्योहार पूरी तरह शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया जा रहा है.



