खूंटी: जिले के सायको थाना क्षेत्र में हुए चर्चित डबल मर्डर केस का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है. इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. जांच में जो वजह सामने आई है, उसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है.

दरअसल बीते 17 मई को मारंगबुरु पहाड़ की गुफा से जिउरी गांव निवासी 17 वर्षीय विशु पाहन और 17 वर्षीय सुमी मुंडू का शव बरामद हुआ था. दोनों की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर शव को गुफा में छिपा दिया गया था. घटना के बाद इलाके में दहशत और सनसनी फैल गई थी.
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ऋषभ गर्ग ने विशेष जांच टीम का गठन किया. तकनीकी और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने पूरे हत्याकांड का खुलासा कर लिया.
एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि मुख्य आरोपी सुम्बर सिंह मानकी और मृतक विशु पाहन आपस में दोस्त थे. आरोपी की हाल ही में शादी हुई थी और वह काम के सिलसिले में दूसरे राज्य चला गया था. जाने से पहले उसने अपनी पत्नी का ख्याल रखने की जिम्मेदारी अपने दोस्त विशु को सौंपी थी.
जांच के दौरान आरोपी को शक हुआ कि उसकी पत्नी का किसी दूसरे युवक के साथ मेलजोल बढ़ गया है. आरोपी का आरोप था कि इस बात की जानकारी विशु को थी, लेकिन उसने उसे कुछ नहीं बताया. इसी बात को लेकर आरोपी के मन में गहरा गुस्सा भर गया.
पुलिस के अनुसार 17 और 18 मई की रात सायको गांव में आयोजित छऊ नृत्य मेला देखने पहुंचे विशु पाहन और सुमी मुंडू को आरोपी ने निशाना बनाया. धारदार हथियार से विशु की हत्या की जा रही थी, तभी सुमी मुंडू बीच-बचाव करने लगी. इसके बाद आरोपी ने उसकी भी हत्या कर दी.
हत्या के बाद आरोपी सुम्बर सिंह मानकी ने अपने साथियों गोमेया सोय और बुधराम सोय की मदद से दोनों शवों को मारंगबुरु पहाड़ की गुफा तक ले जाकर छिपा दिया.
पुलिस ने इस मामले में हत्या में प्रयुक्त टांगी, खून लगे कपड़े, चप्पल और खून लगी मिट्टी बरामद की है. पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पूरे हत्याकांड का खुलासा किया गया है. दोस्ती, भरोसा, शक और गुस्से से जुड़ी इस वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.



