गम्हरिया: सरायकेला- खरसावां पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी बुधवार को रूटीन निरीक्षण के क्रम में आरआईटी थाना और गम्हरिया थाना पहुंचीं. इस दौरान उन्होंने थाना परिसर, अभिलेखों, सुरक्षा व्यवस्था और लंबित मामलों की गहन समीक्षा की.

निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना में दर्ज लंबित कांडों की प्रगति की जानकारी ली और संबंधित पुलिस अधिकारियों को मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया. उन्होंने अपराध नियंत्रण, वारंट निष्पादन, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और नियमित गश्ती व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक दिशा- निर्देश दिए.
एसपी ने थाना परिसर की साफ- सफाई, रिकॉर्ड संधारण, मालखाना और हाजत का भी निरीक्षण किया. साथ ही पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को आम लोगों के साथ बेहतर व्यवहार करने तथा उनकी शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
बकरीद पर्व को देखते हुए एसपी ने दोनों थाना क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी रखने और शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर भी आवश्यक निर्देश जारी किए. उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी. निरीक्षण के दौरान एसडीपीओ अभिनव भारद्वाज, थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान मौजूद रहे.



