जमशेदपुर: गोलमुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत नामदा बस्ती में फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है. मामले में अमन सिंह नामक युवक ने अपने पड़ोसी वीर सिंह उर्फ पंडित के खिलाफ गोलमुरी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए जान मारने की नीयत से गोली चलाने का आरोप लगाया है.

शिकायत के अनुसार अमन सिंह ने बताया कि उसका भाई विक्की सिंह नशे और अन्य गलत आदतों की गिरफ्त में है. अमन का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला वीर सिंह उर्फ पंडित उसके भाई को गलत संगति में डाल रहा था. इसी बात को लेकर उसने पहले अपने भाई को समझाया और बाद में वीर सिंह को उससे दूर रहने की चेतावनी दी थी.
आरोप है कि इसी विवाद से नाराज होकर मंगलवार 26 मई 2026 की रात करीब 8:15 बजे वीर सिंह उर्फ पंडित मोटरसाइकिल से अमन के घर पहुंचा. उस समय अमन की मां राज कौर घर के बाहर बैठी थीं. शिकायत के मुताबिक आरोपी ने पिस्तौल निकालकर उनकी ओर गोली चला दी. हालांकि गनीमत रही कि गोली उन्हें नहीं लगी और वे बाल-बाल बच गईं.
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया. अमन सिंह ने आवेदन में अपनी और परिवार की सुरक्षा की मांग करते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल गोलमुरी पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है.



