जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र के चर्चित हत्याकांड में फरार चल रहे चार आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. मानगो थाना कांड संख्या 183/23, दिनांक 21 जून 2023, धारा 302/34 भादवि से जुड़े मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ न्यायालय द्वारा इश्तेहार जारी किया गया था.

पुलिस के अनुसार, आरोपी जुबैदा खातुन, तब्बसुम परवीन, नसीमा खातुन और नीलु उर्फ निशा परवीन को अदालत में आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया गया था, लेकिन अब तक किसी भी आरोपी ने सरेंडर नहीं किया है.
इसके बाद न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने मानगो स्थित आरोपियों के आवासों पर इश्तेहार चिपकाने की कार्रवाई की. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि आरोपी जल्द आत्मसमर्पण नहीं करते हैं, तो न्यायालय के निर्देशानुसार उनके खिलाफ कुर्की-जब्ती की कार्रवाई भी की जाएगी.
इस कार्रवाई के बाद इलाके में मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है. पुलिस का कहना है कि हत्या कांड में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी को जल्द कानून के दायरे में लाया जाएगा.



