सरायकेला: आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर सरायकेला- खरसावां पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है. पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर विधि- व्यवस्था संधारण एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से मंगलवार को नीमडीह थाना क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला गया.

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चांडिल एवं पुलिस निरीक्षक चांडिल अंचल के नेतृत्व में पुलिस केंद्र और नीमडीह थाना के पुलिस बलों के साथ ग्राम झिमडी एवं सिन्दूरपुर में फ्लैग मार्च किया गया. इस दौरान पुलिस जवानों ने गांवों में पैदल मार्च कर लोगों को सुरक्षा और भाईचारे का संदेश दिया.
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से बकरीद पर्व को आपसी प्रेम, सौहार्द और शांति के साथ मनाने की अपील की. साथ ही अफवाहों से दूर रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने को कहा गया.
पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने कहा कि बकरीद पर्व को लेकर जिलेभर में विशेष सतर्कता बरती जा रही है. सभी थाना क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके. उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने आम लोगों से प्रशासन का सहयोग करने और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की. फ्लैग मार्च के दौरान पूरे क्षेत्र में पुलिस बल की सक्रिय मौजूदगी से लोगों में सुरक्षा का माहौल देखने को मिला.
रिपोर्ट: विकास ठाकुर



