बोकारो: आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर बोकारो जिला पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रही है. विधि- व्यवस्था संधारण और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस लाइन में भव्य मॉकड्रिल का आयोजन किया गया. मॉकड्रिल के दौरान पुलिस जवानों ने दंगा नियंत्रण, उपद्रवियों से निपटने, आंसू गैस के इस्तेमाल, लाठीचार्ज, भीड़ नियंत्रण और इमरजेंसी मेडिकल सहायता जैसी परिस्थितियों का नाट्य रूपांतरण कर अपनी तैयारियों का प्रदर्शन किया. इस अभ्यास के माध्यम से पुलिस प्रशासन ने यह संदेश देने का प्रयास किया कि त्योहारों के दौरान किसी भी तरह की अशांति फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

कार्यक्रम में सिटी डीएसपी राजीव रंजन, सीसीआर डीएसपी, मेजर समेत कई पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे. अधिकारियों ने पुलिस बल की तैयारियों का जायजा लिया और जवानों को आवश्यक दिशा- निर्देश भी दिए.
सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने कहा कि बोकारो पुलिस हर परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है. उन्होंने बताया कि संवेदनशील और चिन्हित इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा लगातार निगरानी रखी जाएगी. उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि कोई भी व्यक्ति शहर के शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल को बिगाड़ने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस प्रशासन का उद्देश्य है कि जिले में सभी त्योहार भाईचारे और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हों ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा



