जामताड़ा: जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र में लगातार लूट और हथियारबंद वारदातों को अंजाम देने वाले एक 17 वर्षीय नाबालिग अपराधी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उसके पास से अवैध पिस्टल, जिंदा कारतूस, लूटे गए मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल की गई अपाचे बाइक बरामद की है.

जामताड़ा एसपी शंभू कुमार सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि 3 और 4 मई की रात ढेकीपाड़ा कब्रिस्तान के पास एक रेलकर्मी को हथियार के बल पर बंधक बनाकर लूटपाट की गई थी. इसके बाद 11 मई को चित्तरंजन की रहने वाली कविता रेणु से भी नकदी और मोबाइल लूट लिया गया था.
मामले की गंभीरता को देखते हुए मिहिजाम थाना प्रभारी प्रदीप राणा के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया. लगातार छापेमारी और तकनीकी जांच के बाद शहरडाल निवासी नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार किया गया.
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पहले भी कई गंभीर आपराधिक घटनाओं में शामिल रहा है. वर्ष 2025 में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर विनय यादव नामक युवक पर फायरिंग की थी, जिसमें युवक गंभीर रूप से घायल होकर स्थायी रूप से अपाहिज हो गया था.
एसपी ने बताया कि मामले में अन्य फरार अपराधियों की तलाश जारी है. पुलिस को आशंका है कि क्षेत्र में नाबालिग अपराधियों का संगठित नेटवर्क सक्रिय है, जिसकी गहराई से जांच की जा रही है. इस घटना ने समाज और कानून व्यवस्था के सामने बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि कम उम्र में किशोर अपराध की दुनिया में क्यों और कैसे प्रवेश कर रहे हैं.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



