सरायकेला: बकरीद पर्व को लेकर सरायकेला जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है. पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर सोमवार देर रात अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला एवं डीएसपी मुख्यालय के नेतृत्व में मंडल कारा सरायकेला में औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया.

निरीक्षण के लिए कुल पांच टीमों का गठन किया गया था. संयुक्त टीम ने मंडल कारा के सभी 14 वार्डों में गहन तलाशी और जांच अभियान चलाया. इस दौरान कैदियों के वार्ड, बैरक और अन्य स्थानों की बारीकी से जांच की गई.
प्रशासन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार जांच के दौरान किसी प्रकार की आपत्तिजनक सामग्री या प्रतिबंधित वस्तु बरामद नहीं हुई. पूरा निरीक्षण अभियान शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ.
अधिकारियों ने बताया कि बकरीद पर्व के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था और विधि- व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है. जेल प्रशासन और पुलिस लगातार संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बनाए हुए हैं.



