सरायकेला: नगर पंचायत क्षेत्र में बिजली विभाग द्वारा लगाए गए सप्लाई केबल अब लोगों के लिए परेशानी और खतरे का कारण बनते जा रहे हैं. शहर के कई इलाकों में केबल में आग लगने, तेज धमाके के साथ ब्लास्ट होने और तार जलकर सड़क पर गिरने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. इससे लोगों में भय का माहौल है.

स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर क्षेत्र में नया केबल लगाने के लिए करीब 15 लाख रुपये स्वीकृत किए गए थे, लेकिन काम में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया. लोगों का कहना है कि घटिया सामग्री इस्तेमाल होने के कारण कुछ ही महीनों में केबल जलने लगे हैं. कई जगहों पर रात के समय अचानक ब्लास्ट होने से पूरा इलाका अंधेरे में डूब जा रहा है.
नागरिकों ने आरोप लगाया है कि केबल खरीद और इंस्टॉलेशन में भारी अनियमितता हुई है. लोगों का कहना है कि यदि गुणवत्ता पूर्ण केबल लगाए गए होते तो इस तरह की घटनाएं सामने नहीं आतीं. लगातार हो रही आगजनी और ब्लास्ट की घटनाओं से राहगीरों, दुकानदारों और आसपास के लोगों की जान को खतरा बना हुआ है.
स्थानीय सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है. लोगों ने दोषी अधिकारियों और संबंधित ठेकेदारों पर कार्रवाई करने तथा पूरे कार्य की तकनीकी और वित्तीय जांच कराने की मांग उठाई है. शहरवासियों का कहना है कि अगर समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह



