चाईबासा: भाजपा संगठनात्मक जिला चक्रधरपुर के तत्वावधान में ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026’ के तहत सोनुआ और गोइलकेरा मंडल का संयुक्त प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया. कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती, बूथ प्रबंधन और डिजिटल प्लेटफॉर्म के प्रभावी उपयोग को लेकर प्रशिक्षण दिया गया.

शिविर का शुभारंभ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर तथा वंदे मातरम गान के साथ किया गया. प्रशिक्षण के दौरान वरिष्ठ नेताओं ने भाजपा के इतिहास, विचारधारा, संगठन विस्तार और कार्य पद्धति की जानकारी दी. साथ ही नमो ऐप, सरल ऐप, सोशल मीडिया, बूथ प्रबंधन और ‘मन की बात’ कार्यक्रम को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपलोड करने की तकनीकी जानकारी भी कार्यकर्ताओं को दी गई.

कार्यक्रम में पार्टी की जनकल्याणकारी योजनाओं और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया. प्रशिक्षण शिविर में जिला अध्यक्ष गुरुचरण नायक, पूर्व विधायक जवाहरलाल बानरा, आलोक रंजन सिंह, प्रताप कटियार महतो, हर्ष रवानी, चंद्र मोहन तियू, किशोर डागा और अमरेश प्रधान समेत कई नेता मौजूद रहे. वहीं सोनुआ और गोइलकेरा मंडल के बड़ी संख्या में बूथ अध्यक्ष और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक



