जामताड़ा: जिले में पड़ रही भीषण गर्मी और लू के बीच जामताड़ा थाना परिसर आम लोगों के लिए राहत केंद्र बन गया है. थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो ने रविवार को थाना परिसर में प्याऊ का शुभारंभ कर राहगीरों, वाहन चालकों और थाना आने वाले लोगों को ठंडा पानी पिलाया.

कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी ने खुद लोगों को पानी पिलाकर सेवा कार्य की शुरुआत की. इस दौरान करीब 50 से अधिक लोगों को शुद्ध और ठंडा पेयजल उपलब्ध कराया गया. तेज धूप और उमस भरी गर्मी के बीच लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे समय में प्याऊ की व्यवस्था लोगों को बड़ी राहत दे रही है.
थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो ने कहा कि भीषण गर्मी में लोगों को पेयजल उपलब्ध कराना सामाजिक जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि थाना परिसर में आने वाले हर व्यक्ति को पानी की सुविधा मिलती रहे, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा. स्थानीय लोगों ने पुलिस के इस मानवीय पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि इससे समाज में सकारात्मक संदेश जा रहा है और पुलिस की संवेदनशील कार्यशैली भी सामने आई है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



