कांड्रा: सरायकेला- खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत गिद्दीबेड़ा टोल के समीप शनिवार शाम एक सड़क हादसे में कई यात्री घायल हो गए. जानकारी के अनुसार रांची की ओर से आ रही सफारी कार ने कांड्रा से चांडिल जा रहे पैसेंजर ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी.

टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो सड़क पर पलट गया. हादसे में ऑटो में सवार सभी यात्री घायल हो गए. इनमें तीन लोगों को हल्की चोटें आईं, जबकि चार घायलों को सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस इलाज के लिए अपने साथ ले गई.
बताया जा रहा है कि सफारी वाहन संख्या JH 05 BC 2441 पर “उप-सचिव योजना एवं विकास, झारखंड सरकार” का बोर्ड लगा हुआ था. दुर्घटना के बाद सफारी वाहन सवार व्यक्ति ने घायलों के इलाज और क्षतिग्रस्त ऑटो के नुकसान की भरपाई कराने की बात कही. घटना के बाद कांड्रा थाना पुलिस ने दोनों वाहनों को छोड़ दिया. वहीं दुर्घटना में क्षतिग्रस्त हुई सफारी कार को वाहन सवार अपने साथ ले गए.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय



