सरायकेला: अनुमंडल दंडाधिकारी न्यायालय ने आदित्यपुर- कांड्रा- सरायकेला पथ की जर्जर स्थिति को गंभीर मानते हुए सड़क मरम्मत और नियमित निरीक्षण का निर्देश दिया है. जन कल्याण मोर्चा बनाम सीनियर मैनेजर जेआरडीसीएल मामले में Misc Case No. 260/2023, बीएनएसएस धारा 152 (पूर्व दंड प्रक्रिया संहिता धारा 133) के तहत सुनवाई के बाद अनुमंडल दंडाधिकारी अभिनव प्रकाश ने 25 अप्रैल 2026 को आदेश जारी किया है.

अपने आदेश में अनुमंडल दंडाधिकारी ने सीनियर मैनेजर जेआरडीसीएल और कार्यपालक अभियंता पथ निर्माण विभाग, पथ प्रमंडल सरायकेला- खरसावां को सड़क का समय- समय पर निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कराने का निर्देश दिया है.
सामाजिक संगठन जन कल्याण मोर्चा ने अक्टूबर 2023 में न्यायालय में याचिका दायर कर आरोप लगाया था कि आदित्यपुर- कांड्रा- सरायकेला सड़क की स्थिति अत्यंत दयनीय है. कोलेबिरा रेल ओवरब्रिज के पास सड़क पर नुकीले छड़ बाहर निकले हुए हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. वहीं कोलेबिरा से सिनी तक सड़क पर बड़े- बड़े गड्ढों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं.
याचिका में यह भी कहा गया था कि आदित्यपुर- कांड्रा सड़क पर गंदगी का अंबार लगा रहता है और लगभग 90 प्रतिशत स्ट्रीट लाइट खराब पड़ी हैं. संगठन का आरोप है कि ढाई वर्षों की लंबी सुनवाई के दौरान सड़क की स्थिति और भी खराब हो गई है, जबकि यह एक टॉल रोड है और लोगों से वाहनों के आवागमन के बदले शुल्क भी लिया जाता है.
जन कल्याण मोर्चा ने अनुमंडल दंडाधिकारी न्यायालय के आदेश की प्रति संलग्न करते हुए झारखंड सरकार के पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव, उपायुक्त सरायकेला- खरसावां और कार्यपालक अभियंता पथ प्रमंडल को पत्र भेजकर सड़क की शीघ्र मरम्मत और सड़क किनारे जमा गंदगी हटाने की मांग की है.
इस मामले में उपायुक्त नितीश कुमार सिंह ने शनिवार को कार्यपालक अभियंता पथ प्रमंडल और प्रोजेक्ट मैनेजर जीएआरडीसीएल को सड़क का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है.
जन कल्याण मोर्चा के अध्यक्ष और अधिवक्ता ओम प्रकाश ने कहा कि वर्तमान में सरायकेला जिला सिविल कोर्ट से लेकर चांडिल कोर्ट तक आने- जाने में अधिवक्ताओं, वादकारियों और आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. सड़क पर बने गड्ढों से बचने के प्रयास में दुर्घटनाएं भी बढ़ रही हैं. उन्होंने उम्मीद जताई कि न्यायालय और प्रशासन के निर्देश के बाद सड़क की मरम्मत बेहतर तरीके से कराई जाएगी.



