सरायकेला: जिले के गम्हारिया थाना पुलिस ने टाटा स्टील से बड़े पैमाने पर हो रही लोहा स्क्रैप चोरी का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है. पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल एक सफेद रंग की महिन्द्रा स्कॉर्पियो वाहन समेत करीब 10 टन अवैध लोहा स्क्रैप जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है.

जानकारी के अनुसार 22 मई को गम्हारिया थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि टाटा स्टील कंपनी गम्हारिया से भारी मात्रा में लोहा स्क्रैप चोरी कर झारगोविन्दपुर रेलवे फाटक के पास जमा किया जा रहा है. गिरोह के सदस्य स्क्रैप को वाहनों में लोड कर बाहर भेजने की तैयारी में थे.
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सरायकेला अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया. पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की.
छापेमारी के दौरान पुलिस ने टाटा स्टील कंपनी की बाउंड्री के पास चोरी करते हुए निशांत कुमार पाण्डेय, नबीन प्रमाणिक, तुषार कुमार महतो और अमित कुमार यादव को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया. मौके से एक सफेद महिन्द्रा स्कॉर्पियो वाहन संख्या JH05EH 2727 बरामद किया गया, जिस पर करीब आधा टन लोहा स्क्रैप लदा हुआ था.
इसके अलावा घटनास्थल से करीब 10 टन चोरी का लोहा स्क्रैप भी जब्त किया गया. पुलिस ने मामले में गम्हारिया थाना कांड संख्या 46/26 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है.
पुलिस के अनुसार गिरोह के मुख्य साथी राजा हैम्ब्रम, विशाल गोराई और प्रकाश सोरेन समेत अन्य अज्ञात आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है.
सरायकेला अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनुभव भारद्वाज ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्रों में चोरी और अवैध गतिविधियों पर पुलिस की लगातार नजर है. उन्होंने कहा कि टाटा स्टील से स्क्रैप चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह



