कपाली: नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत बंधुगोड़ा स्थित हरि मंदिर में आयोजित दो दिवसीय श्री श्री सार्वजनिक हरिनाम संकीर्तन कार्यक्रम में ईचागढ़ विधानसभा की विधायक Sabita Mahato शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने हरि मंदिर पहुंचकर विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की तथा क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

हरिनाम संकीर्तन को लेकर पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल देखने को मिला। भजन-कीर्तन से वातावरण पूरी तरह भक्तिरस में डूबा रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु कार्यक्रम में शामिल होकर संकीर्तन का आनंद लेते नजर आए।
कार्यक्रम में विधायक सबिता महतो के साथ झामुमो पार्टी के अल्पसंख्यक जिला सचिव मोहम्मद अरशद, वार्ड संख्या 17 के वार्ड पार्षद संतोष महतो, वार्ड संख्या 13 एवं 14 के वार्ड पार्षद मोहम्मद विकी और मुमताज अंसारी, मंदिर कमेटी के मनोरंजन महतो समेत कांग्रेस पार्टी के सद्दाम हुसैन सहित बस्ती के कई गणमान्य लोग, महिलाएं एवं पुरुष उपस्थित थे।
मौके पर विधायक सबिता महतो ने कहा कि इस तरह के धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम समाज में भाईचारा, प्रेम और सामाजिक एकता को मजबूत करने का कार्य करते हैं। उन्होंने मंदिर कमेटी द्वारा आयोजित कार्यक्रम की सराहना करते हुए सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
वहीं, मंदिर कमेटी के सदस्यों ने बताया कि दो दिवसीय श्री श्री सार्वजनिक हरिनाम संकीर्तन में आसपास के क्षेत्रों से भी श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने में स्थानीय लोगों का भरपूर सहयोग मिल रहा है।
रिपोर्ट:अफरोज मलिक



