गम्हरिया: सरायकेला- खरसावां जिले के गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत बुरुडीह पंचायत के कांकी गांव निवासी भृगुरामसिंह सरदार को शुक्रवार रात सांप ने डंस लिया. घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई.

बताया गया कि भृगुराम सिंह सरदार श्राद्ध कार्यक्रम से वापस लौट रहे थे. इसी दौरान रास्ते में सांप ने उनके दाहिने पैर में डंस लिया. घटना के तुरंत बाद परिजनों ने इलाज के लिए एंबुलेंस सेवा से संपर्क किया. हालांकि कांड्रा पंचायत में तैनात 108 एंबुलेंस पिछले लगभग एक सप्ताह से खराब पड़ी हुई है, जिसके कारण समय पर स्थानीय एंबुलेंस सुविधा उपलब्ध नहीं हो सकी. बाद में गम्हरिया स्वास्थ्य केंद्र से दूसरी 108 एंबुलेंस बुलाकर घायल युवक को इलाज के लिए MGM हॉस्पिटल भेजा गया.
ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में 108 एंबुलेंस खराब रहने से आपात स्थिति में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से जल्द खराब एंबुलेंस को दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि जरूरत के समय मरीजों को तत्काल स्वास्थ्य सुविधा मिल सके.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय



